गढ़ी कैंट में CM धामी का निरीक्षण: गैस आपूर्ति का लिया जायजा, विकल्प अपनाने की अपील

Published: 24 Mar 2026, 05:51 PM   |   Updated: 24 Mar 2026, 05:53 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट पहुंचकर रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से बातचीत कर मौजूदा सप्लाई की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल गैस का बड़ा संकट नहीं है, लेकिन यदि आने वाले दिनों में जरूरत पड़ी तो देशवासियों को कोरोना काल की तरह एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करना होगा।

निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि गैस सप्लाई में हल्की कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल नियमित आपूर्ति बनी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि गैस की खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक उपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन को वैकल्पिक ऊर्जा के प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों और आम जनता से अपील की कि जरूरत पड़ने पर धैर्य और सहयोग का परिचय दें।

उन्होंने सुझाव दिया कि गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन और अन्य ऊर्जा स्रोतों का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही आश्वासन दिया कि सरकार हर स्थिति में लोगों की मदद के लिए तैयार है।

×