Published:
24 Mar 2026, 05:58 PM
|
Updated:
24 Mar 2026, 06:00 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र नवरात्र केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों के माध्यम से शक्ति उपासना का महापर्व है। उन्होंने 1100 कन्याओं के पूजन को सौभाग्यपूर्ण बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान को सुदृढ़ करने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी स्वरूप माना गया है और बेटियां समाज को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार सुनिश्चित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा छात्रवृत्ति, कक्षा 9 में साइकिल वितरण, 12वीं के बाद प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा, निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता और विभिन्न वर्गों को अनुदान भी दिया जा रहा है।
राज्य सरकार नंदा गौरा योजना, गौरा देवी कन्याधन योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा और रोजगार तक हर स्तर पर सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र के नौ दिन केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, विनम्रता और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का अवसर भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से हर बेटी की सुरक्षा और प्रगति का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारा में भी माथा टेका। इस अवसर पर सविता कपूर, सिद्धार्थ अग्रवाल, विनय रोहिला और विनोद पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
