Published:
23 Mar 2026, 07:33 AM
|
Updated:
23 Mar 2026, 07:34 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां डोईवाला कोतवाली पुलिस ने नींबू-मिर्च बेचने के बहाने रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति के तहत की गई। जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को नकरौंदा क्षेत्र में एक घर में हुई नकबजनी की घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 475 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान करते हुए 21 मार्च को हर्रावाला स्थित बिंडलास रेजीडेंसी रिवर वैली के पास से तीन अभियुक्तों—कुनाल, अलकित और नितिन—को गिरफ्तार किया गया, जो हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र की सपेरा बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे टोटके के नाम पर नींबू-मिर्च बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे और बंद घरों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी भीड़भाड़ वाले समय में वारदात को अंजाम देते थे ताकि सीसीटीवी में संदेह कम हो। आरोपियों ने रानीपोखरी क्षेत्र में भी चोरी की घटनाएं कबूल की हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें अंगूठी, बाली, चांदी का कमरबंद और एक छत्र शामिल है, बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई में डोईवाला कोतवाली पुलिस टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई है और अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
