Published:
23 Mar 2026, 03:21 PM
|
Updated:
23 Mar 2026, 03:21 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून में शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में युवाओं ने देशभक्ति का अनूठा प्रदर्शन किया। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मालविका रहीं, जबकि एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी आनंद और कमला की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित किया।
इसके पश्चात विश्वविद्यालय परिसर से पथरीबाग चौक तक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान “मेरा भारत मेरी जिम्मेदारी”, “इंकलाब जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” जैसे जोशीले नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
मोनिका नांदल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह पदयात्रा न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बनी, बल्कि युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान कर गई।
