Published:
27 Mar 2026, 12:02 PM
|
Updated:
27 Mar 2026, 12:06 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने पिथौरागढ़ में पंचशूल ब्रिगेड की 12 कुमाऊं द्वारा आयोजित पूर्व सैनिक रैली में प्रतिभाग किया। जीओसी इन सी सेंट्रल कमांड लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल ने 'जोरावर साइकिल रैली' का समापन किया और वीर नारियों व वेटरन्स को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
सैनिक परिवारों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना का हर जवान एक स्वाभाविक नेतृत्वकर्ता (लीडर) होता है, जिन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपनी क्षमता का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने पिथौरागढ़ मिलिट्री स्टेशन को प्रदेश का उत्कृष्ट स्टेशन बताया और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र सरकार की 'वाइब्रेंट विलेज' पहल की सराहना की। उन्होंने पूर्व सैनिकों को होम-स्टे चलाने और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने पिथौरागढ़ को "महादेव की पवित्र धरती" बताते हुए आदि कैलाश और ओम पर्वत के धार्मिक महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यहाँ पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस वर्ष 40 हजार पर्यटकों का आना एक बड़ी उपलब्धि है। राज्यपाल ने 'वन रैंक वन पेंशन' के लिए भारत सरकार का आभार जताया और जिलाधिकारी आशिष कुमार भटगांई की कार्यशैली व सैनिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता की विशेष रूप से प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने जनपद की सुख-समृद्धि के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।
