Published:
27 Mar 2026, 04:02 PM
|
Updated:
27 Mar 2026, 04:07 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
नैनीताल जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में काठगोदाम क्षेत्र में शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पूरे जनपद में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
घटना 25 मार्च की शाम करीब 7 बजे नरीमन तिराहे के पास की है, जहां कुछ युवक नशे की हालत में एक वाहन चालक से उलझ गए। आरोप है कि उन्होंने चालक के साथ अभद्रता की, मारपीट की और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भास्कर सिंह बिष्ट (23) निवासी पदमपुरी, मुक्तेश्वर और हिमांशु कुमार (25) निवासी नवाबी रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, प्रभारी चौकी मल्ला काठगोदाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों के खिलाफ धारा 172(2) BNSS के तहत कार्रवाई की। साथ ही घटना में इस्तेमाल वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
नैनीताल पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान लागू किया जाएगा।
