मेयर दीपक बाली ने चैती मेले में 41वें इलैक्ट्रो होम्योपैथिक निःशुल्क चिकित्सा

Published: 27 Mar 2026, 11:03 AM   |   Updated: 27 Mar 2026, 11:06 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin


काशीपुर के ऐतिहासिक चैती मेले में सेवा की एक नई मिसाल पेश करते हुए मेयर दीपक बाली ने इलैक्ट्रो होम्योपैथिक रिसर्च डवलमेंट आर्गेनाइजेशन (ERDO) द्वारा आयोजित 41वें निःशुल्क चिकित्सा कैंप का विधिवत उद्घाटन किया। मेले के 'प्याऊ' स्थान पर आयोजित इस डे-नाइट कैंप का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। मेयर बाली ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि माता रानी के भक्तों और मानवता की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। यह शिविर 24 मार्च से 11 अप्रैल तक लगातार श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य पंडा विकास कुमार अग्निहोत्री ने इस मौके पर स्व. डॉ. जेपी वशिष्ठ के योगदान को याद करते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना ही वास्तव में ईश्वर की सच्ची सेवा है। वहीं, पंडा मनोज कुमार अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में इस कैंप को 'कौमी एकता' का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चैती मेले के इस मेडिकल कैंप में हिंदू और मुस्लिम चिकित्सक एक साथ मिलकर भक्तों की सेवा करते हैं, जो इस ऐतिहासिक मेले की आपसी भाईचारे वाली पहचान को और मजबूत करता है।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि मेयर बाली और पंडा बंधुओं का माल्यार्पण कर और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ERDO के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुरेश राजपूत ने की और संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. जफर सैफी ने किया। इस अवसर पर कैंप व्यवस्थापक डॉ. ज्ञान सिंह सैनी, डॉ. आरपी सिंह सैनी, डॉ. नावेद जाफरी और डॉ. नासिर चौधरी समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

×