Published:
27 Mar 2026, 12:13 PM
|
Updated:
27 Mar 2026, 12:23 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
उत्तराखंड के नवनियुक्त समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद आज विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि समाज कल्याण विभाग सीधे तौर पर आम जनमानस और गरीब तबके से जुड़ा हुआ है, इसलिए विभाग की हर योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को विभाग की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की नई और प्रभावी रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंत्री खजान दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'श्रेष्ठ उत्तराखंड' के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभाग को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने योजनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी और कार्यों की गति बढ़ाने पर जोर दिया।
समाज कल्याण मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में समाज कल्याण से जुड़े समस्त विभागों की एक संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना होगा। आज की बैठक में अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया सहित कई वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
