Published:
30 Mar 2026, 08:42 AM
|
Updated:
30 Mar 2026, 08:43 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
लालकुआं क्षेत्र में इन दिनों कुछ कथित पत्रकारों की कार्यशैली को लेकर गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि ये लोग भ्रामक और मनगढ़ंत खबरों का सहारा लेकर उद्योगों और व्यवसायियों पर दबाव बनाने का काम कर रहे हैं, जिससे पूरे उद्योग जगत में रोष और असंतोष का माहौल बन गया है।
स्थानीय उद्योग संचालकों और नागरिकों का कहना है कि नियमों का पालन करते हुए हजारों लोगों को रोजगार देने वाले प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा रहा है। आरोप है कि कुछ कथित पत्रकार मोटी रकम और महंगे मोबाइल फोन की मांग करते हैं और मांग पूरी न होने पर नकारात्मक व भ्रामक खबरें प्रकाशित करने की धमकी देते हैं।
इस तरह की घटनाओं से न केवल उद्योग जगत में भय का माहौल है, बल्कि पत्रकारिता की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आमजन का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियां पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ हैं और समाज में गलत संदेश दे रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही जागरूक नागरिकों ने अपील की है कि पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे कथित लोगों की पहचान कर उन्हें बेनकाब किया जाए।
