लोहाघाट में गुलदार का हमला: साथी महिला की बहादुरी से बची जान, पत्थरों से खदेड़ा

Published: 23 Mar 2026, 07:11 AM   |   Updated: 23 Mar 2026, 07:16 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

उत्तराखंड के लोहाघाट क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली लेकिन साहस से भरी घटना सामने आई है, जहां जंगल में चारा लेने गई एक महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया, लेकिन उसकी साथी की सूझबूझ और बहादुरी ने उसकी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, विकास खंड लोहाघाट के ग्राम धौनी सिलिंग के डकला तोक निवासी 28 वर्षीय गीता देवी अपनी साथी सीता देवी के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में चारा लेने गई थीं, तभी अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान सीता देवी ने घबराने के बजाय साहस का परिचय दिया और जोर-जोर से शोर मचाते हुए आसपास पड़े पत्थरों से गुलदार पर लगातार वार करना शुरू कर दिया, जिससे घबराकर गुलदार मौके से जंगल की ओर भाग गया। हालांकि इस हमले में गीता देवी के कंधे और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें उपजिला अस्पताल लोहाघाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल चंपावत रेफर कर दिया और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी आसपास के क्षेत्रों में गुलदार हमले कर चुका है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

×