Published:
16 Mar 2026, 12:32 PM
|
Updated:
16 Mar 2026, 12:33 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नानकमत्ता क्षेत्र में महिलाओं के जरिए हनीट्रैप कर लोगों को लूटने और ब्लैकमेल करने वाले खतरनाक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने इस गैंग के चार पुरुष और दो महिलाओं समेत कुल छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। महिलाएं पहले फोन पर मीठी-मीठी बातें कर शिकार को भरोसे में लेती थीं और फिर मिलने के बहाने सुनसान स्थान पर बुला लेती थीं।
घटना 14 मार्च 2026 की रात की है। पीड़ित को फोन कर महिलाओं ने मिलने का बहाना बनाया और उसे नानकमत्ता के मच्छी झाला क्षेत्र में बुला लिया। जैसे ही वह अपनी हुंडई i-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे गिरोह के सदस्यों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने पीड़ित को जबरन कार से उतारकर भड़ाभुड़िया क्षेत्र के एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की कोशिश की गई।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित से नकदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। 15 मार्च को मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी कर एक हुंडई i-10 कार को रोका गया। कार में सवार तारा सिंह, राजेंद्र सिंह उर्फ राजू और दो महिलाएं गुरमीत कौर व सीमा कौर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में गिरोह के दो अन्य सदस्य रमन सिंह और गुरविंदर सिंह उर्फ डिम्पल को भी नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
लूटी गई हुंडई i-10 कार
करीब 9750 रुपये नकद
सोने की अंगूठी
एटीएम कार्ड और दस्तावेज
मोबाइल फोन
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
बरामद की है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था। इसके कई सदस्यों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लूट, डकैती, अवैध शराब, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह कोतवाली नानकमत्ता का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि देवभूमि को अपराध मुक्त बनाने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
