NH-109 पर रॉन्ग साइड का कहर: ट्राला से बचने में स्कॉर्पियो पलटी, कई घायल

Published: 24 Mar 2026, 04:08 PM   |   Updated: 24 Mar 2026, 04:12 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

मोटाहल्दू क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर रॉन्ग साइड चल रहे भारी वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच स्टोन क्रशरों से उपखनिज ढो रहे ट्रक और ट्राले खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

मंगलवार सुबह एक ताजा हादसा सामने आया, जब गैस प्लांट के पास एक तेज रफ्तार ट्राला गलत दिशा में आ गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो के चालक ने बचने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार कई लोगों को चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में इसी मार्ग पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टोन क्रशर से जुड़े भारी वाहन समय बचाने के लिए रॉन्ग साइड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे सड़क पर चलना बेहद खतरनाक हो गया है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और न ही नियम तोड़ने वालों पर सख्ती की जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई हो और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

×