Published:
19 Mar 2026, 08:52 AM
|
Updated:
19 Mar 2026, 09:01 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
पिथौरागढ़ जिले में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मांगती क्षेत्र के पास अचानक एक विशाल चट्टान दरककर सड़क पर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 28 वर्षीय चालक मनीष चुफाल मलबे में दब गए।
बताया जा रहा है कि मनीष सड़क चौड़ीकरण के कार्य में लगे हुए थे और चट्टान काटने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भारी बोल्डर उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया और भारी बोल्डरों को हटाने का प्रयास किया गया। करीब 5-6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी मनीष का कोई पता नहीं चल सका।
अधिकारियों के अनुसार, जिस तरह से भारी चट्टान गिरी है, उसे देखते हुए उनके जीवित बचने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
इस हादसे के चलते मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे आवाजाही पर भी असर पड़ा है।
प्रशासन द्वारा रेस्क्यू कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
