कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार रामगढ़ पहुंचे राम सिंह कैड़ा, भव्य स्वागत

Published: 29 Mar 2026, 03:44 PM   |   Updated: 29 Mar 2026, 03:46 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने बाइक रैली निकालकर भव्य स्वागत किया। श्यामखेत, गागर, मल्ला रामगढ़, तल्ला रामगढ़, नथुवाखान, ओड़ाखान और दाड़ीमा सहित कई क्षेत्रों में ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वह राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे और विकास कार्यों को तेज करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

मंत्री कैड़ा ने घोषणा की कि पीडब्ल्यूडी भवाली खंड को सुगम श्रेणी से हटाकर दुर्गम श्रेणी में शामिल किया जाएगा, जिससे वहां कर्मचारियों की तैनाती सुचारू हो सके। उन्होंने अपनी भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन से ही उन्हें दोबारा विधायक बनने और मंत्री पद पर कार्य करने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनावों में फिर से सरकार बनाएगी।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष अंकित, जिला मंत्री कुंदन चिलवाल, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, विनोद पांडे, नंदन कोरंगा, हरीश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, दीवान महरा, कमलेश बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

×