Published:
24 Mar 2026, 05:35 PM
|
Updated:
24 Mar 2026, 05:40 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
रामनगर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब अल्मोड़ा डिपो की रोडवेज बस का स्टेरिंग अचानक फेल हो गया। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनकी जान चालक की सूझबूझ से सुरक्षित बच गई।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा डिपो की बस (UK07 PA 2800) सुबह करीब 8 बजे सवारियां लेकर चली थी और दोपहर करीब 1:30 बजे रामनगर पहुंची। यहां से यात्रियों को बैठाकर बस हरिद्वार के लिए रवाना हुई।
बस चालक नंदन सिंह के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर टांडा के पास बस करीब 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही थी, तभी अचानक स्टेरिंग ने काम करना बंद कर दिया और बस हाईवे से नीचे उतरने लगी।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को सड़क किनारे रोक दिया। हालांकि अचानक ब्रेक लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे।
बस रुकते ही यात्री नीचे उतर आए। बस में सवार अधिकतर यात्री हरिद्वार और काशीपुर जा रहे थे। यात्रियों का आरोप है कि अल्मोड़ा से रवाना होने से पहले बस की तकनीकी जांच नहीं की गई थी।
इस मामले में रामनगर रोडवेज डिपो के एआरएम नवीन आर्य ने बताया कि सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है और घटना की सूचना अल्मोड़ा डिपो को दे दी गई है।
चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे कई जिंदगियां सुरक्षित बच सकीं।
