उधम सिंह नगर में STF की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Published: 24 Mar 2026, 03:57 PM   |   Updated: 24 Mar 2026, 03:58 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 2 पंप एक्शन गन, 2 पिस्टल (.32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त किया गया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गैंग उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय था। आरोपी अवैध हथियारों को शाहजहांपुर से लाकर जसपुर क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे।

पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि गैंग हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए वैध दिखाकर आगे सप्लाई करने की योजना बना रहा था, जिससे बड़े स्तर पर अवैध हथियारों का नेटवर्क खड़ा किया जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह (39) और सिमरनजीत (37) के रूप में हुई है, दोनों उधम सिंह नगर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, सिमरनजीत पुलभट्टा का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

×