उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान 2025: सीएम धामी ने साहित्यकारों को किया सम्मानित, ‘साहित्य ग्राम’ की घोषणा

Published: 30 Mar 2026, 08:23 AM   |   Updated: 30 Mar 2026, 08:28 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून में आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह-2025 में पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के साहित्यकारों को सम्मानित कर साहित्यिक परंपरा को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित इस समारोह में उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से राज्य के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान” से डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को “दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार” प्रदान किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों और “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्यकार समाज के मार्गदर्शक और प्रेरक होते हैं। उन्होंने डॉ. जितेन ठाकुर को हिंदी साहित्य जगत का प्रेरणास्रोत बताते हुए सभी सम्मानित रचनाकारों को बधाई दी।

कार्यक्रम में साहित्य नारी वंदन सम्मान के तहत प्रो. दिवा भट्ट, उत्कृष्ट बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला तथा मौलिक रचना पुरस्कार के तहत डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान और शीशपाल गुसाईं को सम्मानित किया गया। वहीं कुमाऊंनी और गढ़वाली साहित्य में योगदान के लिए तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को भी सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत को नया सम्मान मिल रहा है और इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार भी राज्य की साहित्यिक धरोहर के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य में दो आधुनिक “साहित्य ग्राम” स्थापित किए जाएंगे, जहां साहित्यकारों को सृजन के लिए अनुकूल वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही युवाओं को लेखन के प्रति प्रेरित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और साहित्यिक प्रतियोगिताओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धरती सदियों से साहित्य और संस्कृति की जननी रही है, जहां सुमित्रानंदन पंत, गौरा पंत ‘शिवानी’, मोहन उप्रेती और शैलेश मटियानी जैसे महान साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से इसे गौरवान्वित किया है।

इस दौरान कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, खजान दास, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक, पत्रकार और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।

×