Published:
14 Oct 2026, 01:28 PM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ के सिंहधार वार्ड में एक भालू ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब तीन बजे की है। परिवार के मुखिया बिन्देश कुमार सबसे पहले भालू का शिकार हुए। गौशाला से मवेशियों की आवाज आने पर बिन्देश कुमार अपनी मां के साथ देखने गए। इसी दौरान गौशाला में पहले से मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया। परिवार के अन्य सदस्य भी मदद के लिए दौड़े, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला किया। परिवार के सदस्यों के शोर मचाने और संघर्ष करने के बाद भालू मौके से भाग गया। इस दौरान परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया था। घटना के बाद से सिंहधार वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में भालू के आतंक से दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
