खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर दून क्लब का हांडी रेस्टोरेंट बंद, नोटिस जारी

Published: 14 Oct 2026, 01:28 PM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर दून क्लब का हांडी रेस्टोरेंट बंद, नोटिस जारी

देहरादून। शहर के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित क्लबों में शुमार दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट को मंगलवार को खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी के कारण तत्काल बंद कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी, फ्रीजर में सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री और बेहद खराब सफाई व्यवस्था पाई गई।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित इस रेस्टोरेंट का आकस्मिक निरीक्षण किया। संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। टीम ने करीब पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया। पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं, जहां वीवीआईपी समेत अनेक गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। उन्होंने भोजन की तैयारी और भंडारण में स्वच्छता व खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को अनिवार्य बताया। संचालक को 14 दिन के भीतर सफाई, पेस्ट कंट्रोल, जल निकासी, पेयजल जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़ी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। तय अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण होगा और सुधार नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने समेत वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

×