अवैध खनन का विरोध करने पर पूर्व प्रधान ने ग्रामीण को बंधक बनाकर पीटा

Published: 07 May 2026, 08:42 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

किच्छा। ग्रामीणों द्वारा अवैध खनन की शिकायत पर पूर्व ग्राम प्रधान ने अपने पुत्र व साथियों के साथ ग्रामीण को बंधक बना उसके साथ मारपीट कर पुत्र सहित जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण ने किसी तरह झांसा दे वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। इस मामले मे पुलिस ने  जांच प्रारंभ कर दी है।

नई बस्ती पुलभट्टा निवासी सलीम अहमद पुत्र नसीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर मे कहा कि  मंगलवार शाम छह बजे वह पुलभट्टा स्थित साबरी मोबाइल की दुकान पर अपने काम से गया था। इसी दौरान वहां पहले से ही घात लगा कर बैठे जुम्मा खां अपने पुत्र शोहिल निवासी शंकर फार्म थाना पुलभट्टा दुकान पर पहुंच उसके साथ गाली गलौज कर उसे ठिकाने लगाने की धमकी देने लगे।उसके विरोध करने पर सोहिल ने फोन कर अपने आठ दस साथी भी वहां बुला लिए। उन्होंने उसे डरा घमका कर जबरन अपनी कार में बैठा लिया। आरोप है कि कार में बैठा उसके साथ मारपीट करते हुए पुलभट्टा स्थित बार के बराबर में स्थित खाली पड़ी दुकान में ले जाकर उसके पुत्र जोयब को वहां बुलाने का दबाव बनाने लगे।उनके द्वारा लगातार उसके साथ मारपीट करने पर भी उसने अपने पुत्र को वहां नहीं बुलाया। इसी दौरान उसके चिल्लाने की आवाज सुन कर आस पास के लोग वहां जमा हो गये। उसके बाद भी वह उसे छोड़ने को राजी नही हुये। उसके बाद वह उनको अपने पुत्र जोयब को वहां अपने साथ लाने का झांसा देकर उनको विश्वास में ले किसी तरह अपनी जान बचा कर वहां से निकला। सलीम ने कहा कि कुछ दिन पूर्व भी सोहिल खां व जुम्मा खां अपने साथियों के साथ मिल कर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे चुके है।
सलीम का आरोप है कि जुम्मा खां का पुत्र सोहिल खान व उसके साथी उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र से अवैध रूप से खनन करते है। उप खनिज लदे वाहन गांव से निकलने के कारण ग्रामीण उसका विरोध करते है। जिसके चलते वह उनसे रंजिश रखने लगे है। उनकी दबंगई के कारण ग्रामीण खुल कर उनका विरोध नहीं कर पाते है।पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान जुम्मा खां उसके पुत्र सोहिल खां सहित अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2), 140 (2), 191 (2), 351 (3), 352 के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। एसओ पुलभट्टा प्रदीप मिश्रा ने कहा प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच की जा रही है।

×