Published:
07 May 2026, 06:51 AM
Category:
|
By: Admin
चंपावत। जिले में नाबालिग लड़की से भाजपा नेता सहित तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इस वारदात के बाद लोगों में आक्रोश पनपने लगा है।
घटनाक्रम के अनुसार चंपावत जिले के एक क्षेत्र में हथियारों के बल पर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। गैंगरेप का आरोप क्षेत्र के ही तीन युवकों पर लगा है। पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर के अनुसार वह एक बीमार व्यक्ति हैं। 5 मई को वह अपनी बेटी के साथ इलाज करवाने हेतु चंपावत आए थे। इलाज के बाद वे वापस गांव लौट आए, लेकिन बेटी अपनी सहेली की विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंपावत में ही रुक गई। जब देर शाम तक बेटी घर वापस नहीं लौटी तो फोन कर बेटी से उसकी कुशलक्षेम जाननी चाही। इस पर बेटी ने बताया कि लगभग दोपहर 2.30 बजे एक युवक उसे शादी में एक गांव ले गया है, जो उससे पिछले कुछ समय से बात करता था। इसके बाद जब देर रात तक भी बेटी घर वापस नहीं लौटी तो बेटी को कॉल किया गया, लेकिन बेटी का फोन नहीं लगा। इसके बाद देर रात करीब 1.28 बजे बेटी ने उन्हें कॉल किया। लेकिन कोई बात नहीं हो पाई और इसके तुरंत बाद बेटी का फोन स्विच ऑफ हो गया।
घबराए पिता ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए स्थानीय लोगों के साथ बेटी की खोजबीन शुरू की। इस दौरान सुबह 4 बजे नाबालिग बेटी एक गांव के एक कमरे में बंधी हुई मिली। पूछताछ में बेटी ने बताया तीन युवकों द्वारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पिता के अनुसार उसकी बेटी ने उन्हे बताया कि तीनों युवकों ने चाकू और बसुला के दम पर शारीरिक संबंध बनाए। तीनों आरोपियों ने नाबालिग को रस्सी से बांधकर कमरे में ताला लगाकर बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी चंपावत रेखा यादव ने बताया ने कि, पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
