सड़क दुर्घटना में एसएसबी जवान की मौत

Published: 17 May 2026, 11:53 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

पिथौरागढ़। शनिवार देर शाम जिला मुख्यालय  से गंगोलीहाट जा रही एक बाइक अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक दुर्घटना में बाइक सवार एसएसबी जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय जवान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल गंगोलीहाट कैलाश जोशी ने बताया शनिवार देर रात्रि को गंगोलीहाट के चैड़ाधुरौली के स्यूंतोला तोक निवासी हिमांशु कुमार 27 पुत्र पुष्कर राम सशस्त्र सीमा बल की 11वीं बटालियन में तैनात थे। वर्तमान में वह धारचूला में तैनात थे। वे छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार को वह किसी काम से पिथौरागढ़ आए थे। देर शाम बाइक से अपने गांव को जा रहे थे। दूनी के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पैरापिट के साथ टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर ही पलट गई। हिमांशु कुमार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चैड़ाधुरौली व आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने खाई में पड़े हिमांशु कुमार को सड़क तक पहुंचाया। जहां से परिजन उपचार के लिए निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार हिमांशु कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई थी। डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जब परिजन उन्हें हायर सेंटर ले जा रहे थे तभी जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर घाट में उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को मृतक जवान का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

×