युवक पर ट्रांसपोर्टर ने लगाया फिरौती मांगने का आरोप

Published: 13 May 2026, 09:27 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

उधम सिंह नगर। रुद्रपुर में एक ट्रांसपोर्टर ने स्थानीय युवक पर कई महीनों से फिरौती वसूलने और मोबाइल लेकर फरार होने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जाफरपुर निवासी राम सिंह पुत्र फूल सिंह ने थाना रुद्रपुर में दी गई तहरीर में बताया कि वह वाहनों से रेता-बजरी की ढुलाई का कार्य करता है। पीड़ित का आरोप है कि पिछले कई महीनों से इन्द्रा कॉलोनी गली नंबर-04 निवासी विकास सागर पुत्र पप्पू सागर उससे प्रतिमाह करीब सत्तर हजार रुपये की फिरौती वसूल रहा था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विकास सागर ने राम सिंह को भरोसा दिलाया था कि यदि उसके वाहन ओवरलोडिंग, कागजों की कमी या किसी अन्य कारण से पुलिस अथवा विभागीय कार्रवाई में पकड़े जाते हैं, तो वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर बिना किसी अतिरिक्त खर्च के वाहनों को छुड़वा देगा। आरोप है कि इसी भरोसे के चलते आरोपी लगातार नगद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे लेता रहा।
पीड़ित के अनुसार 14 अप्रैल की उसका वाहन किच्छा रोड की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने वाहन को रोक लिया. करीब 77 हजार 500 रुपये का चालान कर दिया। इसके बाद राम सिंह ने विकास सागर से संपर्क किया. वाहन छुड़वाने में मदद मांगी। तहरीर के मुताबिक विकास सागर ने राम सिंह को विलासपुर रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास बुलाया और कहा कि वह सीओ सिटी कार्यालय चलकर पूरा मामला खत्म करा देगा।
आरोप है कि दोनों सीओ कार्यालय पहुंचे, जहां विकास सागर कुछ देर अंदर जाकर बातचीत करने के बाद बाहर आया। दावा किया उसने अधिकारियों से बात कर ली है। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद जब वह विकास सागर को उसके बताए स्थान पर छोड़ने जा रहा था, तभी आरोपी उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। राम सिंह का कहना है कि आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से मोबाइल अपने कब्जे में लिया।
मामले में रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना की जा रही है।

×